नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़। नगर परिषद मसौढ़ी स्थित वार्ड नंबर 10 और 11 में नाली निर्माण में ठेकेदार की लापरवाही से लोग परेशान हैं। बीच सड़क को काटकर जो नाली बनाई गई है, वहां सीमेंट से ढलाई करने की बजाय मिट्टी से भर दिया गया था। बारिश होने के बाद वह मिट्टी पूरी तरह से सड़क में फैल गई है और अब आने-जाने में लोगों को परेशानी हो रही है। आक्रोशित स्थानीय लोगों में रामप्रवेश कुमार, योगेन्द्र दास, तेतर दास, गिरजा पासवान, विनोद कुमार, विवेक प्रकाश आदि ने कहा कि ठेकेदार के द्वारा लापरवाही बरती गई है।

लोगों ने बताया कि रोड से पार करती नाली को जैसे-तैसे ढालकर दोनों तरफ दो-दो फीट मिट्टी दे दी गई है। नाली के ऊपर ढाला हुआ स्लैब भी तुरंत टूट गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पैदल राहगीर तो किसी तरह से निकल जा रहे हैं, लेकिन छोटी-बड़ी गाड़ियां फंस जा रही हैं। कई लोग गिरते-गिरते बचे हैं। लोगों ने कहा कि अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में इस जगह पर बहुत बड़ी दुर्घटना हो सकती है और जान-माल की भारी क्षति भी हो सकती है।
इसको देखकर वार्ड नंबर 10 और 11 की जनता के अंदर भारी आक्रोश पनप रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि इस काम की जांच कराकर जल्द से जल्द सही तरीके से सीमेंट से ढलाई कराई जाए, ताकि लोगों को दुर्घटना से बचाया जा सके।