नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी नगर परिषद के आउटसोर्सिंग सफाईकर्मियों ने शुक्रवार को मजदूरी बढ़ाने और समान मानदेय की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष सफाईकर्मियों ने हाथों में झाड़ू लेकर गांधी मैदान से नगर परिषद कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला और संवेदक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी कर्मियों का आरोप है कि नगर परिषद में आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत करीब 110 सफाईकर्मियों के साथ मजदूरी को लेकर भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि संवेदक पुरुष कर्मियों को 310 रुपये प्रतिदिन जबकि महिला कर्मियों को मात्र 270 रुपये दैनिक मजदूरी देता है। सफाईकर्मियों ने सवाल उठाया कि जब सभी समान काम कर रहे हैं तो मजदूरी में अंतर क्यों किया जा रहा है।
प्रदर्शन में शामिल महिला कर्मियों ने कहा कि वर्ष 2016 से वे लगातार शहर की सफाई व्यवस्था संभाल रही हैं, लेकिन मजदूरी बढ़ाने के नाम पर हर बार मामूली बढ़ोतरी कर खानापूर्ति कर दी जाती है। कर्मियों की मांग है कि महिला और पुरुष सभी सफाईकर्मियों को समान रूप से 448 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जाए तथा रविवार को साप्ताहिक अवकाश भी सुनिश्चित किया जाए।
सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। मानसून से पहले नालों की सफाई पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
विरोध प्रदर्शन में चांदनी, सुमंती देवी, उषा देवी, संगीता देवी, कांति देवी, रानी कुमारी, रेणु कुमारी, आरती कुमारी, अमरजीत, रोशन, टुनटुन, मंजू देवी और निक्की कुमार सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी शामिल हुए।
वहीं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि मामला संवेदक और कर्मियों के बीच का है। संवेदक को नियमानुसार भुगतान करने का निर्देश दिया जाएगा। दूसरी ओर, संवेदक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।