बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन। सम्राट अशोक भवन नगर परिषद सभागार में उस समय बेहद भावुक कर देने वाला रहा। स्कूल के कार्यालय, खेल मैदान और कक्षाओं तक को अपनी ऊर्जा से सींचने वाले साहू जैन मध्य विद्यालय डालमियानगर के प्रधानाध्यापक सह निकासी व्ययन पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद सिंह के सेवानिवृत्त होने पर एक भव्य और भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कर्मठ प्रधानाध्यापक की सेवानिवृत्त की इस घड़ी में स्कूल परिवार और बच्चों की आंखें नम हो गईं। प्रखंड के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष हरेंद्र राय, महासचिव घनश्याम प्रसाद यादव, उप महासचिव मनोज कुमार, जिला प्रधान सचिव अखिलेश्वर कुमार सिंह और प्रधानाध्यापक व्याख्या नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की ओर से सुरेंद्र प्रसाद सिंह को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता मध्य विद्यालय भरकुरिया दक्षिणी के प्रधानाध्यापक शशांक शिव शेखर ने की, जबकि मंच का संचालन अखिलेश्वर कुमार सिंह और प्राथमिक विद्यालय सुजानपुर के प्रधान शिक्षक गौरीशंकर तिवारी ने संयुक्त रूप से संभाला। इस अवसर पर वक्ताओं ने सुरेंद्र प्रसाद सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें एक समर्पित शिक्षक, कुशल प्रशासक और संवेदनशील अभिभावक बताया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके सुखद, दीर्घायु और स्वस्थ भावी जीवन की कामना की। जब विदाई के मंच पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक श्री सुरेंद्र प्रसाद सिंह बोलने खड़े हुए, तो उनका गला भर आया। उन्होंने बेहद भावुक शब्दों में कहा, “लंबे कार्यकाल तक इस विद्यालय को अपनी सेवाएं देने के बाद आज मेरा दिल भारी है। यहाँ के बच्चों का प्यार और साथियों का सहयोग मैं जीवन भर नहीं भूल पाऊंगा। इस स्कूल की यादें हमेशा मेरे दिल में महकती रहेंगी।”
जिला प्रधान सचिव अखिलेश्वर कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा जगत में कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की एक अनूठी मिसाल कायम करने के बाद सुरेंद्र प्रसाद सिंह जी सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके साथ बिताए पलों को याद किया और बताया कि कैसे वे न सिर्फ एक बेहतरीन शिक्षक और कुशल प्रधानाध्यापक रहे, बल्कि हमेशा एक संवेदनशील अभिभावक की तरह सबका मार्गदर्शन करते रहे। उनको को याद करते हुए कहा कि, “उनके लंबे कार्यकाल में केवल बच्चों को खेल या पढ़ाई नहीं सिखाई, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में अपनी पूरी आत्मा उड़ेल दी। उनकी निष्ठा और अनुशासित व्यवहार विद्यालय परिवार के लिए हमेशा एक मिसाल रहेगा।”
सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक विदा होने के गम में छात्रों का भी दिल भर आया। स्कूल के छात्र-छात्राओं काजल, सलोनी, चंचल, रागिनी, कुमकुम, रोशन, मनीष और विक्की ने अपने संबोधन में प्रधानाध्यापक के प्रति कृतज्ञता जाहिर की। बच्चों ने कहा कि सर का स्नेह, मार्गदर्शन और उनकी प्रेरणादायक बातें वे जीवन भर अपने दिलों में संजोकर रखेंगे। इन सभी की रही गरिमामयी उपस्थिति इस विदाई बेला के साक्षी स्कूल के तमाम शिक्षक और कर्मचारी बने। कार्यक्रम में संजय कुमार, प्रमोद तिवारी, गुलाम सरवर, रविंद्र नाथ, बिंदेश्वरी पाल, राजीव रंजन सहित प्रखंड के दर्जनों शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद थीं।