अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था होगी मजबूत
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। प्रखंड के नदौल और छाता में सोमवार को नए पुलिस आउट पोस्ट (ओपी) का शुभारंभ किया गया। सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने फीता काटकर दोनों ओपी का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद ओपी परिसर में पौधरोपण भी किया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर क्षेत्र में पुलिस की पहुंच बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दोनों नए ओपी स्थापित किए गए हैं।
नदौल ओपी का गठन मसौढ़ी थाना क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से की नदौल, रेवां, बेर्रा, तिनेरी और भैसवां पंचायतों को मिलाकर किया गया है। यह इलाका पटना-गया एनएच-22 पर स्थित होने के कारण काफी महत्वपूर्ण है। यहां वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने में नदौल ओपी की अहम भूमिका होगी।
नदौल ओपी की कमान पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार को सौंपी गई है। वे इससे पहले मसौढ़ी थाने में पदस्थापित थे।
वहीं, छाता ओपी के क्षेत्र में शाहाबाद, खरांट, चरमा और करारिया पंचायतों को शामिल किया गया है। छाता ओपी का प्रभार पुलिस अवर निरीक्षक श्रवण मंडल को दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों ओपी के संचालन से संबंधित इलाकों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी। इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों को बेहतर और सुलभ पुलिसिंग का लाभ मिलेगा।
उद्घाटन के मौके पर सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने कहा कि नए ओपी के शुरू होने से क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से एनएच-22 पर यातायात नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को भी मजबूती मिलेगी। पुलिस की त्वरित उपलब्धता से किसी भी आपात स्थिति में समय पर कार्रवाई संभव हो सकेगी।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल, मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती समेत विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण सिंह, डॉ. मंगल, अरफराज साहिल, संटू यादव, मंटू यादव, अजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।