बाहापर गांव में पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प, आक्रोशित परिजनों ने दोबारा जाम किया एनएच-80
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। पचमहला थाना क्षेत्र के बाहापर गांव में रास्ते और नाले में पानी बहाने को लेकर चल रहा विवाद शनिवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के लोगों ने एक घर पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में 65 वर्षीय शांति देवी की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद रविवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मोकामा-लखीसराय मुख्य मार्ग एनएच-80 को दोबारा जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात बाधित रहा।
मृतका की पहचान रामरूप शर्मा की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है। घायलों में महेश मिस्त्री, उनकी पत्नी फूलो देवी, दीपुल मिस्त्री और उनकी पत्नी आरती देवी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बड़हिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शांति देवी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते और नाले में पानी बहाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दीपुल मिस्त्री और पड़ोसी सोनू उर्फ मुखिया के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद सोनू उर्फ मुखिया के परिवार के कई लोग एकजुट होकर रामरूप शर्मा के घर पहुंच गए और लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में शांति देवी समेत पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल शांति देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने एनएच-80 को जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की। देर रात करीब 11 बजे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद जाम हटाया गया।
हालांकि, रविवार सुबह परिजन एक बार फिर सड़क पर उतर आए। परिजनों का आरोप था कि घटना में गंभीर रूप से घायल आरती देवी चार माह की गर्भवती थी और मारपीट के बाद उसका गर्भ खराब हो गया। इसको लेकर परिजन कार्रवाई और सहायता की मांग कर रहे थे।
जाम के कारण एनएच-80 पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की पहल तथा प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता का आश्वासन मिलने के बाद करीब तीन घंटे में जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही हाथीदह सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार, पचमहला थानाध्यक्ष विनोद कुमार, सहायक थानाध्यक्ष सुजीत कुमार, मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार, हाथीदह थाना के एसआई मनोज कुमार और एसआई नीतू कुमारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की।
सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना में शांति देवी की मौत हुई है, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। परिजनों के बयान के आधार पर चार आरोपियों को तत्काल हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। एसडीपीओ बाढ़ आयुष श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।