नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच धनरूआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की विशाल खेप बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गया से पटना की ओर जा रहे एक डाक पार्सल कंटेनर को पकड़कर उसमें छिपाकर रखी गई 17,938 बोतल विदेशी शराब जब्त की। इस कार्रवाई में राजस्थान के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि गया की ओर से एक कंटेनर में भारी मात्रा में शराब लेकर पटना जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कोल्हाचक के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कंटेनर चालक तेज गति से भागने लगा, लेकिन धनरूआ थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर वाहन को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बड़े-बड़े बक्सों में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामद शराब में 180 एमएल की 7,199 और 7,152 बोतलें तथा 370 एमएल की 1,799 एवं 1,788 बोतलें शामिल हैं। कुल मिलाकर 2,645.07 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
मौके से कंटेनर चालक गणेश राम, पिता पूरा राम, निवासी गरला थाना, बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
धनरूआ पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।