नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। जिले के प्रसिद्ध और संवेदनशील पर्यटन स्थल रिमिक्स फॉल में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों संग पार्टी मनाने पहुंचे रांची के 20 वर्षीय छात्र निलेश कच्छप की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई। मृतक डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा का रहने वाला था और सुशील कच्छप का पुत्र था।
शनिवार की सुबह निलेश परिजनों से कॉलेज जाने का कहकर घर से निकला था, लेकिन वह अपने 8-9 दोस्तों के साथ पार्टी मनाने फॉल पहुंच गया। वहां नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद पर्यटक मित्रों और सुरक्षाकर्मियों ने उसे खतरनाक जोन में जाने से मना किया था, लेकिन उसने बात नहीं मानी। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर ग्रामीणों और पुलिस ने करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। मारंगहादा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है।
सूचना मिलते ही मारंगहादा थाना प्रभारी युगेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। ग्रामीणों और पर्यटक मित्रों ने लाइफ जैकेट की मदद से पानी में सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर कोे निलेश को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस तत्काल उसे मारंगहादा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां डॉ. कुमार आलोक बिहारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी युगेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फॉल के कई खतरनाक हिस्सों को रेड जोन घोषित किया गया है। वहां चेतावनी बोर्ड भी लगे हैं, लेकिन पर्यटक मनमानी करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्रों में उतर जाते हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।