नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण की एक सनसनीखेज घटना का महज ढाई घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि घटना में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देसी कट्टा, आठ मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को देवजरा थाना में मुकेश कुमार पाल के अपहरण की लिखित शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत में बताया गया कि कुछ अज्ञात अपराधियों ने युवक का अपहरण कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवजरा (मदनपुर) थाना में कांड संख्या 238/26 दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में देवजरा, देव एवं मुफस्सिल थाना की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र में ओरा पुल के समीप एक संदिग्ध चार पहिया वाहन पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए पाण्डेयपुर पुल के नीचे वाहन को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन से एक व्यक्ति बरामद हुआ, जिसका मुंह बंधा हुआ था। पुलिस ने उसे तत्काल मुक्त कराया और उसकी पहचान अपहृत युवक के रूप में की।
वाहन की तलाशी में एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ। हथियार के संबंध में वाहन में सवार पांचों युवकों से पूछताछ की गई, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार (19 वर्ष), सतीश कुमार (23 वर्ष), नीतीश कुमार (25 वर्ष), रोहित गुप्ता (24 वर्ष) तथा रोहितकांत तिवारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस सफल ऑपरेशन से औरंगाबाद पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई और अपराध नियंत्रण की अपनी क्षमता का परिचय दिया है। अपहरण जैसे गंभीर मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा होने से आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है।