नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औरंगाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 51 किलोग्राम गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक चार चक्का वाहन, तीन मोबाइल फोन तथा एक जीपीएस ट्रैकर भी बरामद किया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 15 जून 2026 की शाम करीब 5:15 बजे मद्यनिषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो, पटना से रिसियप थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरिहरगंज की ओर से एक चार चक्का वाहन में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रिसियप थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने एनएच-139 पर रिसियप थाना मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान हरिहरगंज की तरफ से तेज गति से आ रहे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 51 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से वाहन में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रिसियप थाना कांड संख्या 130/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। मामले में तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
-
सतेंद्र प्रसाद (58 वर्ष), निवासी पश्चिमी मोहन बिगहा, थाना डेहरी, जिला रोहतास
-
मुकेश कुमार (51 वर्ष), निवासी भरसर, थाना पिरो, जिला भोजपुर
-
रामनाथ प्रसाद (66 वर्ष), निवासी नया महादेपुर, जिला भोजपुर
-
उपेंद्र उपाध्याय (67 वर्ष), निवासी मोथिहा, थाना अगर कोठा, जिला रोहतास
औरंगाबाद पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।