नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी, औरंगाबाद की जिला बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई। यह जयंती 20 फरवरी 2027 को मनाई जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर से अभियान की शुरुआत होगी, जो 20 फरवरी 2027 तक चलेगा।
बैठक में तय किया गया कि 29 जुलाई को जिले के सभी गांवों में गुरु रविदास मंदिरों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद अगस्त माह में संत रविदास की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी को कलश में रखकर पूरे भारतवर्ष में भ्रमण कराया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अनुसूचित जाति वर्ग के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी छात्रावासों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता संपर्क अभियान चलाएंगे।
अभियान के माध्यम से संत रविदास के समरस समाज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को स्थापित करने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बिजेंद्र चंद्रवंशी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री वैभव विशाल उर्फ टैगोर ने किया।
बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष अरबिंद पासवान, महामंत्री धीरेन्द्र राम, सभी मंडल अध्यक्ष तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के सभी मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।