नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया फोरलेन पर बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पटना से मसौढ़ी की ओर जा रहा यात्रियों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के क्रैश बैरियर से टकरा गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सात यात्री तथा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में मसौढ़ी जेल में पदस्थापित SAP जवान हरे राम सिंह भी शामिल हैं। बताया जाता है कि वे छुट्टी समाप्त होने के बाद पटना से मसौढ़ी ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण हड्डी अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कैवडा ओपी क्षेत्र के पोठही गांव के समीप सामने से आ रही एक गाड़ी को बचाने के प्रयास में टेंपो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद टेंपो सड़क किनारे लगे लोहे के क्रैश बैरियर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में घायल आनंद कुमार के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें अनुमंडल अस्पताल से पटना रेफर किया गया। अन्य घायलों के भी हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। चालक की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुनपुन और कैवडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
दो गंभीर घायलों को अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य पांच घायलों का इलाज आसपास के निजी नर्सिंग होम में कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पटना-गया फोरलेन पर ऑटो एवं टेंपो चालक अधिक सवारी और तेज रफ्तार के कारण अक्सर यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।