मानवता की सेवा में कर्मचारियों का सराहनीय योगदान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मानवता और सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए श्री सीमेंट संयंत्र में एक भव्य रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यूनिट हेड अतुल शर्मा एवं मानव संसाधन प्रमुख राकेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में चिकित्सा दल ने रेडक्रॉस एजेंसी के सहयोग से पूरी व्यवस्था संभाली।
शिविर में संयंत्र के कर्मचारियों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 35 यूनिट रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, जागरूकता और सेवा भावना का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

आयोजकों ने बताया कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। समय-समय पर इस प्रकार के शिविरों के आयोजन से न केवल रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है, बल्कि लोगों में सामाजिक चेतना भी विकसित होती है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” की भावना को आत्मसात करते हुए हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को धन्यवाद देते हुए उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा की गई। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।