नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पूर्वी सिंहभूम। जिले में वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल यानी SIT ने बाइक और स्कूटी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में पहले 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद होने के बाद पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके आधार पर तकनीकी और मानवीय सूचना के जरिए पुलिस ने लगातार छापेमारी शुरू की।
इसी क्रम में कटकी मैदान के पास चोरी की बाइक और स्कूटी की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि गिरोह जमशेदपुर और आसपास के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी कर उन्हें ग्रामीण इलाकों में बेचता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 8 और चोरी के वाहन बरामद किए। इस कार्रवाई के बाद अब तक कुल 25 बाइक और स्कूटी बरामद की जा चुकी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।