सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत मई 2026 माह की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पेंशन राशि का सफलतापूर्वक अंतरण किया गया। यह राशि माह मई, 2026 के पेंशन भुगतान के रूप में हस्तांतरित की गई।
इसी क्रम में औरंगाबाद जिले के कुल 2,30,782 पेंशनधारियों के बैंक खातों में कुल 27,19,07,600 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इस अवसर पर समाहरणालय के योजना भवन के सभा कक्ष में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण आयोजित कर जिले के पात्र लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, औरंगाबाद रितेश कुमार यादव, वरीय उप समाहर्ता महेशानंद, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) प्रियंका कुमारी, सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण) एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
योजनावार भुगतान के अंतर्गत मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 1,40,928 लाभार्थियों के खातों में 17,18,26,700 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 39,912 लाभार्थियों को 4,39,03,200 रुपये की राशि प्रदान की गई। लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 22,145 लाभार्थियों के खातों में 2,50,38,500 रुपये भेजे गए। इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत 5,709 लाभार्थियों को 63,64,700 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 20,823 लाभार्थियों को 2,33,83,000 रुपये तथा इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के अंतर्गत 1,265 लाभार्थियों को 13,91,500 रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार समाज के वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता है।