चार घंटे चले अभियान में 1.04 लाख से अधिक जुर्माना वसूला गया
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दानापुर मंडल के पटना-गया रेलखंड पर सोमवार सुबह चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान में रेलवे ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 310 बेटिकट एवं अनियमित टिकट यात्रियों को पकड़ा। अभियान के दौरान कुल 1,04,545 रुपये का जुर्माना वसूल कर रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक डुमरी जंक्शन एवं आसपास के स्टेशनों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में वाणिज्य विभाग के 19 टिकट परीक्षकों (टीटीई) तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने भाग लिया।
विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन, जिसे रेलवे कर्मियों के बीच ‘लाल गाड़ी’ के नाम से जाना जाता है, के माध्यम से जटडुमरी स्टेशन सहित पूरे रेलखंड में जांच अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत पटना-सिंगरौली पलामू एक्सप्रेस से की गई, जिसके बाद करीब 8 से 10 जोड़ी ट्रेनों में लगातार चार घंटे तक टिकटों की गहन जांच की गई।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि अभियान का व्यापक असर देखने को मिला। परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना, जहानाबाद सहित विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं। टिकट बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि जांच अभियान ने यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित किया।
दानापुर मंडल के अधिकारियों ने कहा कि बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान जारी रहेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर तथा निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और कार्रवाई से बचा जा सके।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि ऐसे अभियान न केवल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।