शादी की खुशियां मातम में बदलीं
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया नेशनल हाईवे-22 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे के पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे से शादी का घर पल भर में मातम में बदल गया।
घटना मसौढ़ी थाना क्षेत्र के सरवां रेलवे गुमटी के पास हुई, जहां तेज रफ्तार काले रंग की क्रेटा कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान परसा थाना क्षेत्र के ढिबरा जलालपुर निवासी नरेश सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे अपने बेटे सोनू की शादी में शामिल होने के लिए मणिचक धाम, मसौढ़ी जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में मीरा देवी और एक बच्चा (ईवान पटेल) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी कोमल मीणा, धनरुआ थाना, मसौढ़ी थाना और नदवां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया। स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए हाईवे पर सख्त ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है।