नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के धनौती गांव में बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपितों सहित चोरी का सामान खरीदने वाले दो सर्राफा कारोबारियों को गिरफ्तार कर चोरी के जेवर और नगदी बरामद की है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 ने बताया कि इस संबंध में मसौढ़ी थाना कांड संख्या-608/26 दिनांक 16 जुलाई 2026 को पीड़िता के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि जज कुमार, निवास कुमार उर्फ गोरा कुमार तथा टीपन कुमार उर्फ विफन कुमार ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी की चोरी की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने निवास कुमार उर्फ गोरा कुमार और टीपन कुमार उर्फ विफन कुमार, दोनों निवासी धनौती, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की चांदी की पायल मसौढ़ी बाजार में बेच दी गई थी।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में रविशंकर कुमार, निवासी तेतरिया (थाना काको, जिला जहानाबाद) तथा राजेंद्र प्रसाद, निवासी मसौढ़ी डीह, को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 4.970 ग्राम सोने की चेन, 195 ग्राम वजन की एक जोड़ी चांदी की पायल, 44 ग्राम का चांदी का हार (लॉकेट सहित), 29 ग्राम की एक जोड़ी चांदी की पायल तथा 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले के एक अन्य फरार आरोपित जज कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।