गर्भवती पत्नी और दो बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
रफीगंज (औरंगाबाद)। रफीगंज प्रखंड के भदवाडीह गांव में बुधवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, भदवाडीह के पास मिट्टी लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार टिकरी निवासी रामजन्म पासवान के पुत्र सुनील कुमार (23) ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, टिकरी निवासी नीरज सिंह का ट्रैक्टर मिट्टी लेकर गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ने से वाहन गहरे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना में चालक रवि कुमार (18), पिता सियाशरण पासवान, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सदर अस्पताल औरंगाबाद ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया।
मृतक सुनील कुमार अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी पत्नी गर्भवती है और परिवार में दो छोटी बेटियां भी हैं। परिजनों ने बताया कि परिवार मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसआई पप्पू पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर विधायक प्रमोद कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा वाहन मालिक से भी आर्थिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया।
थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर की मौत हुई है, जबकि चालक घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। गर्भवती पत्नी, दो मासूम बेटियों और वृद्ध माता-पिता को छोड़कर सुनील कुमार के असमय निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है।