नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। शिक्षकों के लिए बनाई गई तबादला नीति एवं शिक्षा और शिक्षकों के विभिन्न समस्याओं को लेकर बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ गोप गुट प्रखंड इकाई द्वारा बैठक की गई। प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार रत्ना ने अध्यक्षता की।
इस बैठक में शिक्षक तबादला नीति, नियोजित एवं विशिष्ट शिक्षकों के कालबद्ध प्रोन्नति, दो वर्ष के अनिवार्य प्रवीक्षण अवधि पूर्ण करने वाले बीएससी शिक्षकों की सेवा सम्पुष्टि, वेतन विसंगति, प्रखंड स्तर पर शिक्षक दिवस समारोह मनाने, बकाये एरियर, वेतन एवं पेंशन का एक-एक तय समय सीमा में भुगतान, आवास भत्ता से छेड़छाड़, प्राथमिक विद्यालय और न्यूनतम पाँच शिक्षक एवं मध्य विद्यालयों में न्यूनतम आठ शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित हो, प्रखंड एवं जिला शिक्षा कार्यालय भ्रष्टाचार मुक्त हो, विद्यार्थियों को मिलने वाले छात्रवृत्ति, पोशाक एवं अन्य राशि का ससमय भुगतान सुनिश्चित हो, विद्यालय स्तर पर कैंप मोड़ में विद्यार्थियों का आधार कार्ड बनाईं जाए, संगठन के सदस्यता अभियान को तेज किया जाए एवं कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक विचार विमर्श किया गया।
रंजीत कुमार रत्ना ने कहा कि सरकार ने हमारी मांग पर सहमति जताते हुए एक बार फिर से शनिवार को विद्यालय का संचालन अपराह्न 1:00 तक कर दी है। उम्मीद है इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं बच्चे उन्मुक्त तरीके से बिना किसी मानसिक परेशानी के अपने शैक्षणिक कार्य को तत्परता से करेंगे। जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने कहा कि इतिहास में कभी भी प्रताड़ना से किसी भी प्रकार के सुधार नहीं लाया जा सका है और शिक्षकों को भी तबादला के नाम पर प्रताड़ित करके शिक्षा के गुणवत्ता में सुधार कतई नहीं लाया जा सकता है।
शिक्षिका नूतन कला ने कहा कि शिक्षक हमेशा से सरकार के साथ समन्वय बनाकर राष्ट्र के निर्माण में ईमानदारी से संकल्पित रहे हैं। जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि शिक्षिकाओं को पंचायत और शिक्षकों को प्रखंड से दूर भेज देना न्याय नहीं है।
प्रखंड सचिव परवेज आलम ने सरकार से आवास भत्ता में छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की। जिला उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी गोपेन्द्र कुमार सिन्हा गौतम ने कहा कि संगठन ने शिक्षकों के विभिन्न न्यायोचित मांगों को लेकर 23 सितम्बर 2026 से आमरण अनशन करने का निर्णय लिया है।
बैठक में शिक्षिका संगीता कुमारी, पंडित राधेलाल, उमाशंकर सिंह,मनोज कुमार उपस्थित रहे।