नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी को रिकॉर्ड तिमाही प्रदर्शन के बीच मिली जिम्मेदारी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत में ही अब तक के सबसे शानदार पहली तिमाही के प्रदर्शन के साथ अपने नए सीईओ और पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश का स्वागत कर रहा जिन्हें कंपनी के निदेशक मंडल ने 1 अगस्त 2026 से हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड का सीईओ और पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया है।

अमरेंदु प्रकाश पहले सेल के अध्यक्ष थे और उन्होंने हाल ही में इस पद से इस्तीफा दे दिया था. कंपनी ने पहली तिमाही में परिचालन से 13,747 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक तिमाही राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 77 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में 8,074 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे अधिक एबिट्डा दर्ज हुआ, जिसमें 109 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कंपनी का शुद्ध लाभ 5,469 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो साल-दर-साल 145 प्रतिशत अधिक है।
हिंदुस्तान जिंक ने लगातार पांचवें वर्ष पहली तिमाही में 268 किलो टन का सर्वाधिक खनन धातु उत्पादन दर्ज किया। जस्ता (जिंक) उत्पादन लागत घटकर 851 अमेरिकी डॉलर प्रति टन रही, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 16 प्रतिशत कम है। कंपनी ने वृद्धि संबंधी पूंजीगत निवेश से पहले 5,253 करोड़ रुपये का मजबूत मुक्त नकदी प्रवाह दर्ज किया। साथ ही 11 रुपये प्रति शेयर का पहला अंतरिम लाभांश घोषित किया गया, जिसकी कुल राशि 4,648 करोड़ रुपये है।
कंपनी के अनुसार कुल बिजली खपत में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़कर 22 प्रतिशत हो गई है। इसके अलावा कर्नाटक के गुंडलुपेट में दुर्लभ मृदा तत्व और इट्रियम ब्लॉक की खनन लीज भी प्राप्त हुई है। इस तिमाही में कंपनी ने रॉयल्टी सहित सरकारी खजाने में लगभग 6,450 करोड़ रुपये का योगदान दिया। कंपनी ने यह भी बताया कि अमित गुप्ता ने 1 जून 2026 से हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के मुख्य वित्तीय अधिकारी का कार्यभार संभाल लिया है। नए नेतृत्व और रिकॉर्ड वित्तीय प्रदर्शन के साथ कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की मजबूत शुरुआत की है।