नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। जमशेदपुर के बहरागोड़ा में स्वर्णरेखा नदी तट पर मिले द्वितीय विश्व युद्ध के तीसरे बम को भारतीय सेना ने सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर दिया है। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे सेना के विशेषज्ञों ने 227 किलोग्राम वजनी इस अमेरिका निर्मित बम को 20 फीट गहरे गड्ढे में रखकर डायनामाइट के जरिए विस्फोट कर निष्क्रिय किया।
धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज दूर तक सुनाई दी और करीब 100 मीटर ऊंचा धुएं का गुबार उठा। सुरक्षा के मद्देनजर एक किलोमीटर के दायरे में घेराबंदी की गई थी।
कैप्टन आयुष कुमार सिंह के नेतृत्व में और लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में यह ऑपरेशन पूरा किया गया।
15 अप्रैल को नदी से बम मिलने के बाद से सेना की टीम लगातार तैयारी में जुटी थी। राहत की बात यह रही कि इस पूरे ऑपरेशन में किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।