प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, औरंगाबाद द्वारा किया गया आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, औरंगाबाद द्वारा अनुग्रह नारायण सिन्हा मेमोरियल कॉलेज परिसर में देवियों की भव्य चैतन्य झांकी का आयोजन किया गया है। यह तीन दिवसीय आयोजन सप्तमी, अष्टमी और नवमी तिथियों पर संपन्न हो रहा है। शहरवासियों के लिए यह कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखी जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य प्रशासिका बीके सविता दीदी, नगर थाना के सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार एवं भाजपा नेता जितेंद्र गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि नवरात्रि पर्व केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि यह नारी शक्ति, आत्मबल और आध्यात्मिक जागृति का प्रतीक है।
बीके सविता दीदी ने बताया कि झांकी में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। प्रत्येक स्वरूप की अद्भुत झलकियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया। झांकी में देवी दुर्गा के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों पर विजय, सत्य, अहिंसा और सद्भाव जैसे आध्यात्मिक संदेशों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। वहीं आयोजन स्थल पर सजे-धजे पंडाल, रंगीन रोशनी और मधुर भजनों की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ब्रह्माकुमारी आश्रम की ओर से पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
इस मौके पर कई सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भी भाग लिया। शहरभर से आए लोगों ने झांकी का दर्शन कर मां दुर्गा से परिवार और समाज की सुख-शांति की कामना की।