महाबलीपुर, चंदोस और समदा घाट पर उमड़ी भीड़, कई जगहों पर लगा मेला
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को पालीगंज प्रखंड के विभिन्न नदी घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। अहले सुबह से ही सोन और पुनपुन नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। स्नान के बाद लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। महाबलीपुर, चंदोस और समदा घाट पर विशेष भीड़ रही, जबकि कई घाटों पर मेले का आयोजन भी किया गया।
सोन नदी के महाबलीपुर, मसौढ़ा, उदयपुर एवं जलपुरा घाट तथा पुनपुन नदी के चंदोस मठिया और समदा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य किया। घाटों पर लगे मेलों में लोगों ने खरीदारी की और पारिवारिक माहौल में पर्व का आनंद उठाया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दीपदान और दान का विशेष महत्व है। इस दिन को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
कार्तिक माह में नियमित स्नान करने वाली महिलाओं ने शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपना व्रत संपन्न किया। धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला। घाटों पर दिनभर धार्मिक गतिविधियां और श्रद्धा का माहौल बना रहा।