सुशासन दिवस पर जदयू ने आयोजित किया नीतीश संवाद, 20 वर्षों के कार्यकाल और विकास कार्यों को किया याद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। जनता दल यूनाइटेड की ओर से मंगलवार को अब्दुल बारी नगर भवन में सुशासन दिवस के अवसर पर नीतीश संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार सिन्हा ने की। मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री सह अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में हजारों जदयू कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री जमा खान ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके नेतृत्व में बिहार ने सुशासन, विकास और समृद्धि की नई पहचान बनाई। उनके ऐतिहासिक कार्यकाल, कुशल नेतृत्व और विकास के प्रति योगदान को बिहार हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनके नेतृत्व में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उनके प्रयासों से बिहार विकास और प्रगति की नई दिशा में आगे बढ़ा है।
विधायक ऋतुराज कुमार ने कहा कि बिहार के इतिहास में कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जो केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहते, बल्कि अपने साथ एक पूरे दौर की पहचान और उपलब्धियां समेटे होते हैं। नीतीश कुमार भी ऐसे ही नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने बिहार की विकास यात्रा को नई दिशा दी और राज्य की पहचान बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व विधान पार्षद अनुज कुमार सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में जो विकास कार्य किए हैं, उन्हें आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। पंचायती राज व्यवस्था में आरक्षण लागू कर उन्होंने एक नई मिसाल कायम की।
कार्यक्रम के अंत में जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर पूर्व विधायक अभिराम शर्मा, प्रदेश महासचिव राजू सिंह, प्रदेश सचिव दिलीप कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश नारायण चंद्रवंशी, रंगनाथ शर्मा, इबरार अहमद, सुनीता देवी, सुनील चंद्रवंशी, जिला प्रवक्ता रजनीश कुमार बीकू, मनोज चंद्रवंशी, महिला जिलाध्यक्ष प्रमिला कुशवाहा, नरेंद्र किशोर सिंह, रणधीर पटेल, प्रेम कुमार पप्पू, विनय विद्यार्थी, पिंटू यादव, मेराज अहमद सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।