जिला प्रशासन द्वारा डीजे बजाने को लेकर जारी की जा चुकी है स्पष्ट गाइडलाइन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। जिला प्रशासन द्वारा डीजे बजाने को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन जारी की जा चुकी है, जिसमें तय मानकों से अधिक आवाज पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद शहर के विभिन्न इलाकों में इन दिशा-निर्देशों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है, जो चिंता का विषय है। प्रशासन की गाइडलाइन का उद्देश्य केवल नियम बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, शांति और मानवाधिकारों की रक्षा करना है।
इस संदर्भ में राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सह भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि खुशी और उत्सव के अवसरों पर डीजे बजाना गलत नहीं है, लेकिन इसे हाई पिच और असहनीय वॉल्यूम में बजाना अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्सव का आनंद इस तरह होना चाहिए कि उससे किसी भी आम नागरिक को परेशानी या स्वास्थ्य संबंधी नुकसान न हो।
डॉ. मिश्रा ने जिला प्रशासन से मांग की कि डीजे संचालकों को सख्त निर्देश दिए जाएँ कि वे नियंत्रित वॉल्यूम और निर्धारित ध्वनि मानकों के भीतर ही डीजे बजाएँ। साथ ही गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में खुशी का माहौल भी बना रहे और आम नागरिकों का जीवन, स्वास्थ रह सके।