मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सात निश्चय-3 योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु समीक्षा बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सात निश्चय-3 योजना के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य सचिव द्वारा सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सात निश्चय-3 योजना के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रगति की सतत मॉनिटरिंग की जाए।
मुख्य सचिव द्वारा योजना अंतर्गत प्रस्तावित प्रमुख कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि विभिन्न प्रखंडों में डिग्री कॉलेज का निर्माण, प्रत्येक पंचायत में मोक्षधाम का निर्माण, उद्योग स्थापना हेतु औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना, कृषि रोडमैप एवं मखाना रोडमैप का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाना है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय की स्थापना कर संरचनात्मक सुधार तथा इवनिंग क्लास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य क्षेत्र में सभी प्रखंडों के स्वास्थ्य केंद्रों में स्पेशल अस्पताल का निर्माण तथा जिला स्तरीय अस्पतालों को सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल के रूप में विकसित किए जाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। बैठक में “सबका साथ, सबका विकास, सबका सम्मान, जीवन आसान” के उद्देश्य से जिला स्तर से पंचायत स्तर तक जनता दरबार आयोजित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
मुख्य सचिव के निर्देशों के आलोक में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजना से संबंधित सभी कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों को गति दी जाए।