नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नबीनगर प्रखंड के रतनुआ निवासी चंद्रगढ़ पंचायत के पूर्व मुखिया एवं वरिष्ठ समाजसेवी तथा नवबिहार टाइम्स के पत्रकार अटल बिहारी सिंह के पिता भगवती सिंह का 92 वर्ष की आयु में रविवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और घर पर ही उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। स्व. भगवती सिंह ने अपने जीवन का अधिकांश समय जनसेवा को समर्पित किया। मुखिया पद पर रहते हुए उन्होंने पंचायत के विकास को प्राथमिकता दी। ग्रामीण सड़कों का निर्माण, पेयजल व्यवस्था की मजबूती, शिक्षा के प्रसार तथा सामुदायिक भवनों के निर्माण जैसे कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे हमेशा गरीब, जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे।
ग्रामीणों के अनुसार भगवती सिंह का व्यक्तित्व बेहद सरल और मिलनसार था। वे हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे। पंचायत में किसी भी समस्या को लेकर लोग सीधे उनके पास पहुंचते थे और वे तत्काल समाधान का प्रयास करते थे। सामाजिक समरसता बनाए रखने में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।
जदयू के वरीय नेता ने भगवती सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भगवती सिंह समाज के मार्गदर्शक थे। उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी एवं समर्पित जनसेवक खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
इसके अतिरिक्त नवबिहार टाइम्स के संपादक कमल किशोर, कौशतुभ किशोर, मुकेश कुमार सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, अजय वर्मा, राधाकांत देव, पूर्णानंद उपाध्याय, अनिल कुमार और सूरज कुमार, प्रभंजन मिश्रा, मदन मोहन श्रीवास्तव सहित नवबिहार टाइम्स के सभी कर्मचारियों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
बताया जाता है कि उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ी। पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। क्षेत्रवासियों ने उन्हें सच्चे अर्थों में जनसेवक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।