डीएम ने किया कनबेहरी तालाब का निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा औरंगाबाद प्रखंड अंतर्गत कनबेहरी ग्राम स्थित तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उक्त तालाब को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की संभावनाओं के आकलन एवं स्थानीय स्तर पर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्द्धन के उद्देश्य से किया गया।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा तालाब की वर्तमान भौतिक स्थिति, जल क्षेत्र का विस्तार, तालाब तक पहुंचने हेतु उपलब्ध संपर्क मार्ग, आसपास की प्राकृतिक संरचना एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों का विस्तृत अवलोकन किया गया। साथ ही तालाब परिसर में पर्यटन विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, स्वच्छता प्रबंधन, हरित क्षेत्र के विकास, पर्यटकों हेतु मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब क्षेत्र को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में इसे स्थानीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राकृतिक जलस्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा ऐसे स्थलों को विकसित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान तालाब परिसर में अधिष्ठापित सोलर ट्री का भी अवलोकन किया गया, जिसे जिला पदाधिकारी द्वारा संतोषजनक पाया गया। उन्होंने अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इस प्रकार की पर्यावरण अनुकूल पहलें ग्रामीण क्षेत्रों के सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कनबेहरी स्थित तालाब प्राकृतिक सौंदर्य एवं शांत वातावरण से परिपूर्ण है। यदि योजनाबद्ध तरीके से इसका विकास किया जाए तो यह स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जलस्रोतों का संरक्षण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि जल संरक्षण एवं जैव विविधता के संवर्द्धन में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।