नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। होली पर्व के मद्देनजर जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में औरंगाबाद अग्निशमालय के अग्निशमन कर्मियों द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। होलिका दहन के दौरान संभावित अग्निकांड की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से प्रमुख स्थानों पर कैनोपी लगाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई तथा सैकड़ों पंपलेट वितरित किए गए।
अभियान के दौरान अग्निशमन दल ने लोगों को बताया कि होलिका दहन हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थान पर करें। आसपास सूखी घास, लकड़ी, प्लास्टिक या अन्य ज्वलनशील पदार्थ न रखें। बिजली के तारों और ट्रांसफार्मर के नीचे होलिका दहन न करने की विशेष अपील की गई। साथ ही बच्चों को आग से दूर रखने, पास में पानी, बालू या अग्निशामक यंत्र रखने की सलाह दी गई ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।

अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि पर्व-त्योहार के समय थोड़ी सी असावधानी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग की ओर से होली के दौरान अतिरिक्त चौकसी बरती जाएगी तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
नगरवासियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का जागरूकता अभियान समय की आवश्यकता है। अग्निशमन विभाग की तत्परता से लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और इससे संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
अंत में अग्निशमन कर्मियों ने सभी से अपील की कि वे सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का पर्व मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन सेवा को सूचित करें।