इंस्पायर अवार्ड मानक 2025-26 में पूरे बिहार में औरंगाबाद ने प्राप्त किया तीसरा स्थान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नवाचार के क्षेत्र में औरंगाबाद निरंतर आगे बढ़ रहा है। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2025-26 के अंतर्गत जिले के मध्य एवं उच्च विद्यालय के 5-5 बच्चों ने विज्ञान से जुड़े नये आइडिया ऑनलाइन सबमिट किया था। जिले से कुल 4930 बच्चों ने नॉमिनेशन किया था। इनमें से 120 बच्चों का आइडिया इंस्पायर अवार्ड हेतु चयनित किया गया है। इसमें औरंगाबाद प्रखंड से 14, बारुण से 9, दाउदनगर से 10, देव से 10, गोह से 7, हसपुरा से 9, कुटुम्बा से 6, मदनपुर से 15, नबीनगर से 15, ओबरा से 10 और रफीगंज से 15 बच्चों का आइडिया शामिल है।
विदित हो कि इंस्पायर अवार्ड भारत सरकार और NIF की योजना है, जो प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। नवाचार को प्रोत्साहित करने हेतु इस योजना के अंतर्गत बच्चों को 10000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है जिससे वे जिला स्तरीय प्रदर्शनी हेतु अपना प्रोजेक्ट तैयार करते हैं। जिला स्तर से चयनित बच्चे राज्य स्तरीय और फिर राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में अपना प्रोजेक्ट प्रदर्शित करते हैं।

औरंगाबाद इस क्षेत्र में गुणवत्ता हेतु लगातार प्रयासरत है। जिला तकनीकी टीम के सदस्य लगातार शिक्षकों और छात्रों का मार्गदर्शन करती रहती है। इस दिशा में विद्यालय प्रधान व विज्ञान/नोडल शिक्षकों का प्रयास भी सराहनीय रहता है। विद्यालयों में आइडिया बॉक्स स्थापित किया गया है जिसमें बच्चे समय-समय पर अपना आइडिया डालते हैं। साथ ही, आइडिया कम्पीटिशन भी करवाया जाता है। जिसमें से श्रेष्ठ 5 आइडियाज का चयन कर नॉमिनेशन किया जाता है।
जिले की इस उपलब्धि हेतु जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा अमृतेश आर्यन, सहायक कार्यक्रम सर्वेश कुमार सिंह, जिला तकनीकी टीम के सदस्य मृदुला सिन्हा, मुकुल पांडेय, शोभा तिवारी, चन्द्रशेखर प्रसाद साहु, राजीव रंजन सिंह एवं अन्य ने हर्ष प्रकट किया है। मृदुला सिन्हा को इंस्पायर के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु IISER पुणे की तरफ से 2024 में iRA अवार्ड भी दिया गया है।