नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भागलपुर। जगदीशपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक अपराधी के बीच आँख मिचौली का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर सैदपुर घाट के पास चांदन नदी के छारन इलाके से पुलिस ने मोहदीपुर गांव के रहने वाले संतोष यादव को दबोच लिया था। तलाशी में उसके पास से एक देसी मास्केट और कारतूस भी बरामद हुआ था। पुलिसकर्मी जब उसे चचरी पुल के रास्ते गाड़ी तक ला रहे थे, तभी आरोपी ने ऐसा दांव चला कि सब दंग रह गए।
संतोष यादव ने अचानक पास खड़े सिपाही को अपनी गिरफ्त में लिया और सीधे चांदन नदी की तेज और उफनती हुई धाराओं में छलांग लगा दी। पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ पलों के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सतर्क सिपाही ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह संघर्ष करते हुए तैरकर सुरक्षित बाहर आ गया और अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में यह चर्चा फैल गई कि आरोपी नदी में डूब गया है या लापता है।
पुलिस अब आरोपित की तलाश में जुटी है। घटना के बाद नदी के आसपास के इलाके में भी उसकी खोजबीन की जा रही है। जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को संतोष यादव के हथियार के साथ चांदन नदी के पास मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे हथियार के साथ पकड़ा गया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर एक सिपाही को साथ लेकर नदी में कूद गया।
जगदीशपुर पुलिस का कहना है कि संतोष यादव नदी में कूदने के बाद दूसरी तरफ के किनारे पहुंच गया और वहां से फरार हो गया। पुलिस ने उसके पास से बरामद देसी मास्केट और कारतूस को जब्त कर लिया है। पुलिस अब आरोपित की तलाश में जुटी है। घटना के बाद नदी के आसपास के इलाके में भी उसकी खोजबीन की जा रही है। जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को संतोष यादव के हथियार के साथ चांदन नदी के पास मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे हथियार के साथ पकड़ा गया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर एक सिपाही को साथ लेकर नदी में कूद गया। थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक संतोष यादव के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। वहीं, ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, वह करीब दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था।