नवबिहार टाइम्स संवाददाता
जंदाहा (वैशाली)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कैरियर मिशन कम्प्यूटर एकेडमी, जंदाहा परिसर में महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व संस्थान के निदेशक-सह-संचालक डॉ. आनंद रंजन झा ने किया। कार्यक्रम में संस्थान की महिला कर्मचारियों एवं छात्राओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ की गई। दीप प्रज्ज्वलन संस्थान प्रमुख डॉ. आनंद रंजन झा तथा केंद्र की महिला कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इसके बाद महिला दिवस के महत्व पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संस्थान में कार्यरत महिला कर्मचारियों — निधि कुमारी, मनीषा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, अनिषा कुमारी एवं अंशु कुमारी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही कई छात्राओं को प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपलक्ष्य में प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया।कार्यक्रम के दौरान संस्थान द्वारा छात्राओं से रोजगार के लिए बायोडाटा (रिज्यूमे) भी प्राप्त किए गए।

संस्थान के निदेशक ने बताया कि योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आगामी बैच में नामांकन कराने वाली कई महिला छात्राओं को पुस्तकें भी प्रदान की गईं। अपने संबोधन में डॉ. आनंद रंजन झा ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा और तकनीकी ज्ञान महिलाओं के लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई तथा जिला प्रशासन की अधिकारी जिला अधिकारी वर्षा सिंह जैसे प्रेरणादायी उदाहरणों का उल्लेख करते हुए छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधि विवेकानंद जी ने भी महिला सशक्तिकरण पर प्रभावशाली संदेश दिया, जिससे उपस्थित छात्राएं और प्रतिभागी काफी प्रेरित हुए। कार्यक्रम के दौरान बीच-बीच में गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। संस्थान के निदेशक ने कहा कि कैरियर मिशन कम्प्यूटर एकेडमी हमेशा से महिलाओं के उत्थान और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि महिलाओं को उचित अवसर और सहयोग मिले तो वे हर क्षेत्र में देश और समाज का नाम रोशन कर सकती हैं।