पूर्व राज्यसभा सांसद एवं गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने युवाओं के साथ किया संवाद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत रोहतास द्वारा रविवार को गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय जमुहार रोहतास में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करना था। कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं युवा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में दिनांक 26 अक्टूबर से 05 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ अभियान का हिस्सा था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोपाल नारायण सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं कुलाधिपति, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, उपस्थित रहे। इस अवसर पर युवा आइकॉन आभाष कुमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी सहभागिता से युवाओं को सार्वजनिक नेतृत्व, खेल उत्कृष्टता एवं युवा आकांक्षाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिला। अपने संबोधन में गोपाल नारायण सिंह ने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों एवं गोपाल नारायण सिंह के बीच आयोजित संवाद सत्र रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारियों, प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए। श्री सिंह ने युवाओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उनके विचारों एवं जिज्ञासाओं को संबोधित किया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के अंतर्गत ‘अपने मत को जानें ’ विषय पर यूथ आइकॉन आभाष कुमार द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई। इसमें विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं उसे अद्यतन रखने की आवश्यकता तथा मतदान के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदारीपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी भूपेन्द्र नारायण सिंह ने किया।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पूर्व सहायक कुलसचिव मिथिलेश कुमार सिंह एवं समाज सेवी सुमित कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित युवा संवाद जैसी पहल युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं सार्वजनिक नेतृत्व से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यह पहल युवाओं को केवल देश की विकास यात्रा का साक्षी बनने के बजाय उसमें सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रोत्साहित करती है। इसका मूल उद्देश्य युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के केंद्र में रखते हुए उनके विचारों, आकांक्षाओं एवं रचनात्मक ऊर्जा को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना है।