12 जीविका दीदी को किया गया सम्मानित
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। प्रखंड परियोजना कार्यालय में प्रबंधक, जीविका दिग्विजय नारायण के नेतृत्व में अधिकार जीविका महिला ग्राम संगठन की ओर से पारिवारिक आहार विविधता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता कैडर चंद्रप्रभा कुमारी की ओर बताया गया की यह पहल माताओं और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। जहाँ माताओं को अपने साथ-साथ बच्चों के पोषण का भी खास ख्याल रखना चाहिए। बच्चे के जन्म के एक घंटे बाद ही माताओं को स्तनपान कराना चाहिए, जिससे बच्चे का स्वस्थ बेहतर हो। साथ ही खाने में 10 खाद्य सामग्री को जरुर शामिल करें, जैसे मडुआ, चावल, दाल, हरी सब्जी, पालक साग, सहजन, मछली, दूध, अंडा।

वहीं जीविका बीपीएम दिग्विजय नारायण ने कहा की स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में हमारी जीविका दीदियां खुद जागरूक होकर क्षेत्र के लोगों को भी जागरूक करने की कोशिश में लगी हुईं हैं। उन्होंने जोर दिया कि संतुलित पोषण से कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इसके अलावा उन्होंने कहा की बच्चों का वृद्धि निगरानी के तहत ग्राम संगठन के द्वारा चिहित 07 से 23 माह तक के सभी बच्चों का वृद्धि निगरानी आंगनबाड़ी केंद्र पर हर तीन माह के दौरान कम से कम एक बार अनवार्य रूप से करवाया जायेगा।
जो बच्चे ऑगनबाड़ी केंद्र पर वृद्धि निगरानी के दौरान कुपोषित पाए जाते है उन घरों में लाल रंग से चिन्हित किया जाएगा. बच्चों एवं माताओं में आहार विविधता के क्रम में बच्चों एवं माताओं में आहार विविधता को प्रोत्साहित करने के लिए जीविका के कैडर के द्वारा लक्षित लाभार्थियों गर्भवती महिला, 0-6 माह के बच्चों की माता और 7-23 माह के बच्चे एवं उनकी माता के घर का एक बार भ्रमण करेंगे. भ्रमण के दौरान उनके पिछले 24 घंटों में खाये गये खाद्य समूह के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।वही इस कार्यक्रम में बेहतर परफॉर्मेंस देने वाले 12 जीविका दीदीयों को सम्मानित किया गया।
मौके पर बीपीएम, एवं कोऑर्डिनेटर जबप्रकाश शर्मा के अलावा अध्यक्ष शर्मिला देवी, सचिव उमा देवी, कोषाध्यक्ष ममता देवी, सामुदायिक समन्वयक डीजे कुमारी, आशा कुमारी, आदि शामिल रहे।