नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के ओबरा प्रखंड के मझियावां गांव में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां शनिवार की रात जयमाला के दौरान अचानक छत का छज्जा गिर गिया जिसके मलबे के नीचे दबने से 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।
मृतकों की पहचान सत्यनारायण यादव और अखिलेश यादव के रूप में हुई है। अखिलेश यादव झारखंड के धनबाद में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे, जबकि सत्यनारायण यादव खेती-किसानी करते थे। दोनों मृतक रिश्ते में दुल्हन के भाई बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार रामव्यास यादव की बेटी की शादी थी। बारात गोह थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव से आई थी। द्वारपूजन के बाद जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। बड़ी संख्या में गांव के लोग पहुंचे थे तभी कार्यक्रम स्थल के पास छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। मलबा नीचे बैठे लोगों पर गिर गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग दबकर घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मिलकर मलबा हटाया और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।