आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। भगवानगंज थाना क्षेत्र के खैनिया पुल के पास रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी बवाल मच गया और आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर उन्हें मौके से खदेड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान खैनिया गांव निवासी मो. जुबेद के पुत्र मो. अरशद आलम (10 वर्ष) और अनस आलम (8 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों भाई ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान भगवानगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि मो. जुबेद के यही दो पुत्र थे, जिनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
घटना से गुस्साए स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए ईंट लदे ट्रैक्टर को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया। इसी बीच सूचना मिलने पर भगवानगंज थाना की पुलिस जब मौके पर पहुंची तो भीड़ को देखते हुए मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर से ईंट निकालकर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को वहां से पीछे हटना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक कोमल मीणा भी मौके पर पहुंचीं और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। वहीं देवरिया पंचायत के पूर्व मुखिया मनोज कुमार तथा ओम प्रकाश यादव समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर मामले को शांत कराने में जुटे रहे।
स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए प्रशासन से आरोपी ट्रैक्टर चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।