नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम/तिलौथू। प्रखंड के चंदनपुरा गांव में आयोजित आठ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का समापन सोमवार को विधिवत पूर्णाहुति और विशाल महाभंडारे के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
महायज्ञ के महंत श्री प्रेम शंकर दास जी महाराज ने बताया कि इस भव्य धार्मिक आयोजन की शुरुआत 8 मार्च को विशाल जलभरी, भंडारा और कलश स्थापना के साथ हुई थी। इसके बाद लगातार आठ दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन, हवन, कथा-प्रवचन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च को श्रद्धालुओं द्वारा 24 घंटे तक यज्ञ मंडप की परिक्रमा की गई, जबकि 16 मार्च को महाभंडारा और पूर्णाहुति के साथ इस दिव्य आयोजन का समापन हुआ। इस दौरान करीब 20 हजार से अधिक महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। साथ ही श्रद्धालुओं ने महंत श्री प्रेम शंकर दास जी महाराज का दर्शन कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
यज्ञ समिति के सक्रिय सदस्य मिथिलेश शर्मा ने बताया कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन और मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि कृष्ण कुमार उर्फ विधायक जी, शिक्षाविद ओमप्रकाश गुप्ता उर्फ ओम जी, शशि भूषण प्रसाद, संतोष गुप्ता, हरी साव, जंगलेश प्रसाद चौरसिया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान चंदनपुरा और आसपास का क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के रंग में सराबोर दिखाई दिया।