नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। रामनवमी के पावन अवसर पर औरंगाबाद के ब्लॉक कॉलोनी सत्येंद्र नगर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में श्री रामनवमी पूजा समिति द्वारा नवाह पारायण महायज्ञ का भव्य एवं श्रद्धामय शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत पारंपरिक जल भरी यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जल भरी यात्रा अखाड़ा परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा में शामिल श्रद्धालु जय श्रीराम और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचे, जहां से पवित्र जल भरकर पुनः शिव मंदिर प्रांगण लौटे। मंदिर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई और यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण और भक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिली।

समिति के सदस्यों ने बताया कि यह नवाह पारायण महायज्ञ आगामी रामनवमी तक निरंतर चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन संध्या 7 बजे अयोध्या से पधारे प्रख्यात कथावाचक डॉ. मनोहर मिश्र द्वारा राम कथा एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। प्रवचन में भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति होगी।
आयोजन को लेकर पूरे इलाके में खासा उत्साह है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, संस्कृति और आस्था को मजबूत करते हैं।
इस महायज्ञ को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष शशि भूषण सिंह, संयोजक शशांक शेखर ‘आंसू’, उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जुगनू, सोनू, राकेश, प्रदीप, पप्पू, तुसी, रंजन, विशाल, जितेंद्र, सचिन, मुकेश, विवेक, प्रिंस सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य आयोजन में भाग लेने और धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।