जिला पदाधिकारी द्वारा दरभंगा मोड़ से सूर्य मंदिर के समीप तक निःशुल्क ऑटो सेवा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के देव चैती छठ मेला-2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क परिवहन सेवा का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा दरभंगा मोड़ से सूर्य मंदिर के समीप तक श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु निःशुल्क ऑटो सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
देव चैती छठ मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर की आराधना एवं छठ व्रत करने हेतु सूर्य मंदिर एवं सूर्य कुंड परिसर पहुंचते हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

उक्त निःशुल्क परिवहन सेवा का संचालन दरभंगा मोड़ से सूर्य मंदिर क्षेत्र तक किया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। इस पहल का उद्देश्य भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ करना, यातायात जाम की समस्या को कम करना तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से पूजा स्थल तक पहुंचाना है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान परिवहन व्यवस्था निरंतर सुचारू रूप से संचालित रहे तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही परिवहन सेवा में लगे चालकों एवं कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा देव चैती छठ मेला-2026 के सफल आयोजन हेतु आवासान सुविधा हेतु आधुनिक टेंट सिटी, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, नियंत्रण कक्ष तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। संबंधित विभागों के पदाधिकारी लगातार स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का लाभ उठाएं तथा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना संपन्न करें।