दिया एकता और समर्पण का संदेश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महान पर्व चैती छठ के अवसर पर राजधानी पटना के विभिन्न घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इसी क्रम में विधान पार्षद एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संजय मयूख ने अपनी धर्मपत्नी एवं परिजनों के साथ विधि-विधानपूर्वक अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पारंपरिक लोकगीतों, वेद मंत्रों और भक्ति भाव से सराबोर वातावरण ने पूरे शहर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। व्रती महिलाएं एवं पुरुष कमर तक जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते नजर आए। इस दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा।
डॉ. मयूख ने कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जिसमें प्रकृति, अनुशासन, तप और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें सामाजिक एकता, पारिवारिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

उन्होंने व्रती महिलाओं के कठोर तप, संयम और आस्था की विशेष सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और लोगों को एक सूत्र में बांधता है।
गौरतलब है कि चैती छठ के अवसर पर पटना सहित पूरे बिहार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ घाटों पर उमड़ती है, जहां चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाती है।
अंत में डॉ. मयूख ने प्रार्थना की कि भगवान सूर्य एवं छठी मैया सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें तथा समाज में भाईचारा और सौहार्द बना रहे।