नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के द्वारा आगामी रामनवमी पर्व के दृष्टिगत जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से संयुक्त रूप से पैदल मार्च किया गया।

सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर के गेट स्कूल से रमेश चौक होते हुए नगर थाना तक फ्लैग मार्च कर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात रमेश चौक से नगर थाना तक पैदल मार्च कर आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु व्यापक तैयारी की गई है। संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही आवश्यकतानुसार पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन एवं पुलिस को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है, जिससे रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।