नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल द्वारा संयुक्त रूप से रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से रफीगंज एवं गोह प्रखंड के विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पर्व के अवसर पर संभावित भीड़-भाड़ वाले स्थलों, जुलूस मार्ग एवं प्रमुख चौक-चौराहों व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस क्रम में विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा बलों की तैनाती तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सभी आवश्यक तैयारियों की सतत निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त जुलूस मार्गों में यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए रामनवमी पर्व को शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाने में सहयोग करें, ताकि जिले में सामाजिक समरसता एवं सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा बनी रहे।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तार अहमद, अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर अमित राजन, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।