नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती को लेकर औरंगाबाद शहर में व्यापक तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को महावीर जयंती शहर में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के साथ धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सेवा और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत जैन समाज के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन के नेतृत्व में सोमवार की सुबह पांच बजे जैन मंदिर से भव्य प्रभात फेरी के साथ होगी। प्रभात फेरी शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पिपरडीह मोड़ तक जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेशों का प्रचार-प्रसार करेंगे। जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत की भी व्यवस्था की जा रही है।
महावीर जयंती के अवसर पर शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण किया जाएगा। इसके बाद गरीबों को भोजन कराया जाएगा। जैन समाज के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन ने कहा कि यह कार्यक्रम भगवान महावीर के करुणा और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रयास है। महावीर भगवान का संदेश है जियो और जीने दो।
प्रभात फेरी के बाद जैन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां भगवान महावीर के जीवन, त्याग और सिद्धांतों पर प्रकाश डाले जाएंगे। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे।
शाम होते-होते शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो जाएगा। जैन मंदिर में आरती का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है।
महावीर जयंती के अवसर पर औरंगाबाद में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी गूंजेगा। यह पर्व लोगों को अहिंसा, सत्य, संयम और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देगा।