नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। रविवार को देश के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती नगर परिषद औरंगाबाद के पूर्व पार्षद व्यास राम के आवास पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जगजीवन राम के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद व्यास राम ने कहा कि बाबू जगजीवन राम एक महान स्वतंत्रता सेनानी और कुशल प्रशासक थे, जिन्होंने लंबे समय तक केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्रालयों का दायित्व संभालते हुए देश की सेवा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 1946 से 1979 तक वे लगातार श्रम, रेल, रक्षा, परिवहन, खाद्य, कृषि, सिंचाई एवं पुनर्वास जैसे अहम मंत्रालयों के मंत्री रहे। साथ ही 24 मार्च 1977 से 28 जुलाई 1979 तक उन्होंने देश के उप प्रधानमंत्री पद को भी सुशोभित किया।
व्यास राम ने आगे कहा कि वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध (बांग्लादेश मुक्ति संग्राम) के दौरान रक्षा मंत्री के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनकी रणनीति के कारण बड़ी संख्या में दुश्मन सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया, जिसके लिए उन्हें “वार हीरो” के रूप में भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान व्यास राम ने केंद्र सरकार से मांग की कि बाबू जगजीवन राम को उनके योगदान के लिए भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।
जयंती समारोह में दशरथ राम (पूर्व पार्षद), अजीत कुमार तिवारी, बैजू प्रसाद चंद्रवंशी (सेवानिवृत्त सिपाही), पुष्कर आनंद, अनिल कुमार, विष्णुपत सक्सेना, उपेंद्र राम, देवनंदन पासवान, अलखदेव पासवान, गुरुचरण राम, धीरज कुमार, उदय कुमार, धीरज पासवान, गुलशन ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।