नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ प्रखंड के कादिरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडितगंज बाजार में बुधवार की शाम भीषण आग लगने से तीन किराना दुकानें जलकर राख हो गईं। इस हादसे में करीब चार लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
मिली जानकारी के अनुसार, विन्देश्वरी केसरी की किराना दुकान में आरती के दौरान कपूर का जलता हुआ टुकड़ा नीचे गिर गया। बताया जाता है कि दुकान में अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल का भी खुदरा भंडारण किया जाता था। ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
देखते ही देखते आग विन्देश्वरी केसरी की दुकान से फैलकर उनके पट्टेदार बच्चू केसरी की बगल की दो अन्य दुकानों तक पहुंच गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्थानीय लोग पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना में बच्चू केसरी की पत्नी शारदा देवी आग की चपेट में आकर झुलस गईं। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुकानदारों के अनुसार, आग में दुकान में रखे सामान और नकदी सहित लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास की कई अन्य दुकानों और घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
स्थानीय लोगों ने किराना दुकानों में असुरक्षित तरीके से पेट्रोल-डीजल बेचने को हादसे का मुख्य कारण बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इधर, कादिरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।