नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। समाज सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नूतन पांडेय को प्रतिष्ठित “राष्ट्र गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पटना में आयोजित एसएचएसएस’25 स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर प्रदान किया गया, जहां विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकास वैभव (आईपीएस) ने नूतन पांडेय को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है और नूतन पांडेय का प्रयास इस दिशा में अत्यंत प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि परिवार और नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ समाज सेवा में सक्रिय योगदान देना किसी भी महिला के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, लेकिन नूतन पांडेय ने इन सभी बाधाओं को पीछे छोड़ते हुए शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। उनका समर्पण, सेवा भाव और दृढ़ संकल्प समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
नूतन पांडेय द्वारा संचालित निःशुल्क पाठशाला के माध्यम से सैकड़ों बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण भी बन गया है। उनका उद्देश्य केवल बच्चों को पढ़ाना नहीं, बल्कि अभिभावकों और समाज की सोच में भी सकारात्मक बदलाव लाना है।
समारोह में उपस्थित शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य अतिथियों ने भी नूतन पांडेय के कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह सम्मान नूतन पांडेय के निरंतर प्रयास, समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण का प्रतीक है। उनके कार्य आने वाले समय में और अधिक लोगों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करेंगे।