नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी हाल ही में मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम पहुंचे थे. यहां उन्होंने बाबा बागेश्वर यानी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया. इस मुलाकात की तस्वीर खुद मंत्री ने अपने एक्स (X) हैंडल पर साझा की. तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा कि खजुराहो की पावन धरती पर पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज के दर्शन कर उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया. उन्होंने बिहार की सुख-समृद्धि, उन्नति और प्रदेश और देश के लोगों के मंगलमय जीवन की कामना भी की.
बाबा बागेश्वर का बिहार दौरा भी चर्चा में है. जानकारी के मुताबिक, 13 से 16 दिसंबर के बीच उनका बक्सर दौरा प्रस्तावित है. नई बाजार में आयोजित सीताराम विवाह महोत्सव के तहत तीन दिनों तक प्रवचन होंगे, जबकि चौथे दिन दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा.
बाबा के बिहार दौरे को लेकर विपक्ष की बयानबाजी पर मिथिलेश तिवारी ने भी तीखा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि बाबा बागेश्वर को बिहार आने से रोकने की ताकत किसी में नहीं है. विरोध करने वाले नेताओं को उन्होंने अल्पज्ञानी बताया. मंत्री ने यह भी कहा कि पहले जब बाबा बिहार आए थे, तब बीजेपी की सरकार नहीं थी, लेकिन अब बिहार में सनातन का सम्मान करने वाली बीजेपी-एनडीए की सरकार है. हालिया कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को तीन जगह से टेढ़ा बताया था. इस टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया. सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली के संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई और कानूनी कार्रवाई की मांग की. लेकिन मामले में विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मांफी मांग ली थी.