गोलीकांड के विरोध में काली पट्टी बांध सड़क पर उतरे नेमदारगंज के व्यवसायी, गिरफ्तारी नहीं हुई तो बुधवार को बंद रहेगा बाजार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। नेमदारगंज बाजार में मिठाई दुकानदार विकास कुमार उर्फ उत्तम को गोली मारने की घटना के बाद व्यवसायियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यवसायियों ने मंगलवार को काली पट्टी बांधकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से गोलीकांड में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो नेमदारगंज बाजार की सभी दुकानें बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
व्यवसायियों ने बताया कि छोटी दिवाली यानी शनिवार की शाम करीब 8:30 बजे बाजार स्थित राज मिष्ठान भंडार के संचालक विकास कुमार उर्फ उत्तम को बदमाशों ने गोली मार दी थी। थाना से महज कुछ दूरी पर हुई इस वारदात ने पूरे बाजार में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के बाद से व्यवसायी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि बाजार में इस तरह की आपराधिक घटनाओं से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
गोलीकांड के विरोध में सोमवार की शाम नेमदारगंज बाजार के व्यवसायियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें मुखिया उदय कुमार यादव, बजरंग दल अध्यक्ष जीतू सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द गोलीकांड में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करे। व्यवसायियों ने स्पष्ट किया कि बुधवार तक गिरफ्तारी नहीं होने पर बाजार की सभी दुकानें बंद रखी जाएंगी।
मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान लकी नारायण, दीपक कुमार, उमेश कुमार, किशोरी गोस्वामी, अनिल मिश्र, सुरेश प्रसाद, सागर कुमार, पिंटू गोस्वामी सहित बाजार के तमाम व्यवसायियों ने काली पट्टी बांधकर अपना आक्रोश जताया। व्यवसायियों ने एक स्वर में कहा कि जब तक गोलीकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।