देव छठ मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने जिलेवासियों एवं देव छठ मेला में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने बताया कि देव में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के देव छठ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं के ठहरने की समुचित व्यवस्था के लिए कुल आवासन स्थलों की व्यवस्था की गई है। इनमें देव थाना के समीप जिला प्रशासन द्वारा टेंट सिटी का भी निर्माण कराया जा रहा है। सभी आवासन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल एवं चापाकल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेला क्षेत्र में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एम्बुलेंस, आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा दल की व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सहायता एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्प डेस्क काउंटर भी स्थापित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं महिला पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कुंड क्षेत्र में एसडीआरएफ एवं गोताखोरों की भी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु देव मोड़ से प्रखंड कार्यालय तक तथा माले नगर से बहुआरा मोड़ तक निःशुल्क यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र तक आने-जाने में सहूलियत हो।
जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। जिला प्रशासन का प्रयास है कि देव छठ मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद देव छठ मेला में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के स्वागत एवं उनकी सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।