नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। राजद पार्टी के धनरूआ प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार यादव के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बीते शनिवार को पटना-गया स्टेट हाईवे पर धनरूआ थाना क्षेत्र के किश्तिपुर के पास हुए सड़क हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज पटना के मेदांता अस्पताल में चल रहा था, जहां मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
संजय यादव के निधन की सूचना मिलते ही न केवल पूरे राजद परिवार, बल्कि धनरूआ, मसौढ़ी और आसपास के विभिन्न प्रखंडों में गहरा शोक छा गया। उनके शुभचिंतकों और समर्थकों को इस असमय निधन पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा था। पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और हर आंखें नम हो गईं। लोगों ने शव यात्रा निकालकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

गौरतलब है कि संजय कुमार यादव, स्वर्गीय राम उग्रह प्रसाद यादव के पुत्र थे और धनरूआ प्रखंड के दुभारा पंचायत अंतर्गत चंदाचक गांव के निवासी थे। वे लंबे समय से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सक्रिय कार्यकर्ता रहे और पार्टी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
उनकी निष्ठा, त्याग और समर्पण को देखते हुए 27 दिसंबर 2015 को उन्हें पहली बार धनरूआ प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके बाद वर्ष 2019 में पुनः इस जिम्मेदारी के लिए चुने गए। फिर 30 मई 2025 को वे दोबारा प्रखंड अध्यक्ष बने और हाल ही में लगातार चौथी बार इस पद पर निर्वाचित हुए थे।
राजनीतिक जीवन के साथ-साथ वे एक सक्रिय समाजसेवी भी थे। उन्होंने न केवल धनरूआ बल्कि मसौढ़ी क्षेत्र में भी अपनी कार्यशैली, सौम्यता और मिलनसार स्वभाव से अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
उनके निधन पर पूर्व विधायक रेखा देवी, राजद नेता उपेंद्र यादव, धनी यादव, मसौढ़ी प्रखंड अध्यक्ष राकेश पंडित, जिला पार्षद चंदन कुमार यादव, सांडा मुखिया प्रतिनिधि सुनील कुमार चौधरी उर्फ डब्ल्यू, जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा, शिक्षक पंकज सिंह, पूर्व मुख्य पार्षद पंकज कुमार सिंह, रंजु यादव, डॉ. मंगल, राजेश बिंद, योगेंद्र चंद्रवंशी सहित कई गणमान्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।